उत्तराखंड की आवाज देहरादून 10 जुलाई 2025
हरिद्वार,लक्सर। लक्सर पुलिस ने एक महिला की निर्मम हत्या के मामले का चौंकाने वाला खुलासा किया है। महज़ उधारी के दबाव में आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को रात के अंधेरे में आम के बाग में फेंक दिया। आरोपी खुदकुशी का नाटक कर पुलिस को गुमराह करने की फिराक में था लेकिन हरिद्वार पुलिस की तेज़तर्रार कार्रवाई ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कोतवाली लक्सर क्षेत्र की सन्तनगर कॉलोनी के पास 07 जुलाई को ट्यूबवेल के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त सरोज पत्नी स्व.रामपाल निवासी नई बस्ती शिवपुरी लक्सर के रूप में की। लक्सर पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि सरोज 05 जुलाई को अपने उधार दिए पैसे वापस लेने जसवीर के पास गई थी और तभी से लापता थी।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने एसपी देहात शेखर चंद सुयाल व सीओ लक्सर नताशा सिंह के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस के मुताबिक आरोपी जसवीर को बैरागी कैंप कनखल से गिरफ्तार कर लिया।
लक्सर पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी जसवीर ने कबूला कि वह शेयर मार्केट और ट्रेडिंग में डूबा हुआ था। सरोज से लिए गए एक लाख रुपये वापस करने के दबाव में वह मानसिक तनाव में था। महिला द्वारा सार्वजनिक रूप से बेइज्जती किए जाने से आक्रोशित होकर उसने पहले से साजिश रचकर सरोज की हत्या कर दी। हत्या के बाद सुसाइड नोट लेकर फरार होने की योजना भी बना चुका था।
इस हत्याकांड का पर्दाफाश करने में कोतवाली लक्सर के प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान के नेतृत्व में एसआई बीरेन्द्र सिंह नेगी, नवीन चौहान, कमलकांत रतूड़ी, कर्मवीर सिंह समेत 14 सदस्यीय पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।