कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा 150 सीटों तक सिमट जाएगी। वहीं, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना है कि देश में ईवीएम से छेड़छाड़ किए बिना निष्पक्ष चुनाव हुए तो भाजपा 180 से ज्यादा सीटें हासिल नहीं कर पाएगी। बुधवार को राहुल और अखिलेश ने जहां गाजियाबाद में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता को संबोधित किया, वहीं प्रियंका ने सहारनपुर में पार्टी प्रत्याशी इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो किया।
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भाजपा का इवेंट बताकर उससे दूरी बनाने वाले राजनीतिक दलों के दो प्रमुख नेता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव रामनवमी के मौके पर गाजियाबाद पहुंचे।
आईएनडीआईए का प्रचार गीत लॉन्च
राहुल ने अपनी सीटों का अनुमान लगाने से इनकार करते हुए कहा कि 15 दिन पूर्व देश में भाजपा को करीब 180 सीटें मिल रही थीं, लेकिन हालात तेजी से बदले हैं। अब भाजपा 150 सीटों तक सिमट जाएगी। अखिलेश ने भी कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से चली बदलाव की हवा उत्तर प्रदेश और देश में बदलाव लाएगी। आईएनडीआईए गाजियाबाद से गाजीपुर तक भाजपा का सफाया करेगा। प्रेसवार्ता के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का प्रचार गीत भी लॉन्च किया।
‘भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन चुकी है भाजपा…’
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने पेपर लीक से 60 लाख नौजवानों का भविष्य अंधकार में डाल दिया। इससे नाराज लोग भाजपा को वोट नहीं देंगे। उन्होंने अपील की कि एक भी वोट बंट न पाए। मतदान करना है, सावधान रहना है और बूथ की चौकीदारी करनी है। सावधान रहकर मतदान करेंगे और बूथ की चौकीदारी करेंगे तो भाजपा का सफाया होगा। यह देश का चुनाव है, देश की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा का नैतिकता का बुलबुला फूट चुका है। उन्होंने कहा,
भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन चुकी है। डबल इंजन की सरकार में होर्डिंग पर अब बस एक नेता दिखाई देते हैं, चुनाव के बाद वह भी गायब हो जाएंगे। हमें उम्मीद है कि देश में आने वाले समय में आईएनडीआईए की नई सरकार बनेगी। एनडीए को पीडीए (पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक) हरा देगा।
मोदी को सत्य नहीं सत्ता चाहिए: प्रियंका
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा कि देश ने सत्ता को नहीं, हमेशा सत्य को पूजा है। मोदी को सत्य नहीं, सत्ता चाहिए। मोदी को किसान, गरीब, मजदूरों की नहीं बल्कि अदाणी-अंबानी की चिंता है। उनका 16 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया, किसानों का नहीं। किसान आत्महत्या कर रहा है।
प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के समर्थन में शो किया। 12 बजे रोड शो शुरू हुआ और एक बजे खत्म हुआ। इस दौरान उन्होंने 12 मिनट के संबोधन की शुरुआत रामनवमी से की।प्रियंका ने कहा कि उनके सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री मोदी से डरते हैं। मोदी के सामने किसी की नहीं चलती। जब उनके मंत्री उनसे अलग होते हैं तो वे मोदी के बारे में जो बातें करते हैं, वह आप लोग नहीं जानते। उन्हें मोदी का डर है। प्रियंका के संबोधन के बीच में मस्जिद में अजान शुरू हो गई। इसके बाद प्रियंका ने अपना भाषण रोक दिया। पांच मिनट बाद दोबारा भाषण शुरू किया।
