Related Stories
September 14, 2026
थाना थलीसैंण पुलिस को ग्राम पंचायत गडकोट के प्रधान धम्रेद्र नौगाई ने गांव के छाछीरों तोक में हत्या की सूचना दी। थानाध्यक्ष थलीसैंण सुनील पंवार ने बताया कि गडकोट के छाछीरों तोक निवासी अनिल ढौंडियाल (32) हमेशा की तरह गुरुवार को शराब के नशे में घर जा रहा था। वह अपने घर जाने से पहले ग्रामीण सुरेशानंद के घर गया और उनसे झगड़ने लगा। ग्रामीण ने उसे समझा-बुझा कर घर भेजा, तो वह धमकी देते हुए घर चला गया।
बताया कि ग्रामीण सुरेशानंद अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ रहते हैं और आरोपी की धमकी से डर कर उन्होंने हरिद्वार रह रहे अपने बेटों को फोन कर गांव बुला लिया था। थानाध्यक्ष पंवार ने बताया कि इसके बाद अनिल अपने घर पहुंचा और मां से झगड़ने लगा।
मां ने गाली-गलौज से बाज आने की हिदायत दी, तो उसने गुस्से में तमतमाते हुए लकड़ी से मां पर ताबड़तोड़ वार शुरु कर दिए। बताया कि बचाव के लिए पत्नी व बेटी आए, तो उसने पत्नी की भी पिटाई कर दी। जिससे पत्नी व बेटी भी चोटिल हो गए। शुक्रवार सुबह अनिल डाक्टर बुलाने की बात कह घर से निकल गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। श्रीनगर से फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किये।
