उत्तराखंड की आवाज़
गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह चुनाव केदारनाथ विधानसभा के बजाय “केदारनाथ वर्सेज पुष्कर धामी” बन गया था

उत्तराखंड की आवाज देहरादून, केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी आशा नौटियाल ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इस पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक वीडियो जारी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विजयी प्रत्याशी आशा नौटियाल को बधाई दी। हालांकि, अपनी बधाई के साथ गोदियाल ने कटाक्ष भी किया।
“यह चुनाव केदारनाथ वर्सेज पुष्कर धामी था”
गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह चुनाव केदारनाथ विधानसभा के बजाय “केदारनाथ वर्सेज पुष्कर धामी” बन गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद सरकार की नीतियों के खिलाफ बने मतों को अपने पक्ष में नहीं कर पाई। उन्होंने इसे कांग्रेस की बड़ी कमजोरी और भाजपा की रणनीति की सफलता बताया।
विपक्ष के वोटों का बिखराव बनी हार की वजह
गोदियाल ने हार के प्रमुख कारणों में विपक्षी वोटों के बिखराव को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा की तरह इस बिखराव का लाभ उठाया और सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए एक सीख करार देते हुए कहा कि आगे इस स्थिति को सुधारने की जरूरत है।
सरकार की नीतियों में सुधार की उम्मीद
गणेश गोदियाल ने उम्मीद जताई कि जनता ने जिन मुद्दों पर भाजपा को वोट दिया है, उन्हें सरकार गंभीरता से लेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से अपनी कार्यशैली में बदलाव करने की अपेक्षा भी जताई, ताकि जनमानस की उम्मीदों पर खरा उतरा जा सके।
