उत्तराखंड की आवाज़
उत्तराखंड की आवाज़ देहरादून 20/ 12/2024
उत्तराखंड की आवाज़ देहरादून,हरिद्वार। आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने हरिद्वार के दौरे के दौरान जनपद पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। अपने भ्रमण की शुरुआत उन्होंने हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद उन्होंने अपराध नियंत्रण,महिला सुरक्षा,सड़क दुर्घटनाओं और सत्यापन अभियानों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा और ग्रामीण पुलिसिंग को मिली प्राथमिकता।
बैठक में आईजी राजीव स्वरूप ने रूरल पुलिसिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने सर्दियों में कोहरे के दौरान संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए देहात क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और जहां सीसीटीवी नहीं हैं,वहां निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सुनसान इलाकों में सतर्कता बढ़ाने को कहा।
सड़क सुरक्षा और ब्लैक स्पॉट्स पर ध्यान।
आईजी ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े स्थलों की पहचान कर ब्लैक स्पॉट्स को मैप करने और इन स्थानों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर सुधारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ड्रग और सत्यापन अभियान पर सख्त निर्देश।
ड्रग रोधी अभियान की समीक्षा करते हुए आईजी ने कहा कि थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिसर्स इसे गंभीरता से लें और प्रदर्शन में सुधार करें। उन्होंने सत्यापन अभियान को “मिशन मोड” पर चलाने का निर्देश देते हुए बाहर से आने वाले लोगों की जांच सुनिश्चित करने की बात कही।
अपराध समीक्षा और दिशा-निर्देश।
डकैती,लूट,वाहन चोरी और बलवे जैसे अपराधों की समीक्षा के दौरान उन्होंने बेहतर रिकवरी रेट के लिए विशेष टीमें गठित करने को कहा। बलवा के मामलों में साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आईजी के महत्वपूर्ण निर्देश।
1.ड्रग और सड़क सुरक्षा अभियानों में सक्रियता बढ़ाई जाए। 2.ग्रामीण इलाकों में गश्त और चेतक की तैनाती को मजबूत किया जाए। 3.सीसीटीवी निगरानी बढ़ाकर अपराधों की संभावना को खत्म किया जाए। 4.सर्दियों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। 5.डकैती और लूट जैसे अपराधों में रिकवरी रेट को बेहतर किया जाए। 6.सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और सुधार किया जाए। 7.बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस लीडरशिप की सराहना और नववर्ष की शुभकामनाएं।
आईजी ने बैठक के अंत में हरिद्वार पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने किसी भी समस्या को खुलकर साझा करने का आह्वान किया और अधिकारियों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की अपील की। आईजी के इस दौरे से जनपद पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।


