देहरादून : उत्तराखंड में चोरों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वे भगवान तक को नहीं छोड़ रहे। बीते रविवार को राजधानी देहरादून के मोथरोवाला स्थित मंदिर में दिन दहाड़े चोरी हो गई।दिन दहाड़े हुई इस चोरी मे चोर मंदिर से पीतल की दो घंटियां और दानपात्र तोड़कर 700 रुपये चुरा ले गये। वही दूसरी ओर टनकपुर में शारदा नदी से लगे खेतखेडा गांव में रविवार रात कुछ अज्ञात चोरों ने नव निर्मित शिव मंदिर का ताला तोड़कर तांबे का कलश और भगवान शिव के नाग को चोरी कर लिया। मदिंरो में हुई इन चोरी कि घटनाओं से एक ओर जहाँ धर्मप्रेमियों में आक्रोश है, वही पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।
टनकपुर में शारदा नदी से लगे खेतखेडा गांव मंदिर के पुजारी ने पुलिस चौकी में सूचना देकर बताया कि वे सोमवार सुबह पूजा करने गए। वहां ताला टूटा मिला। उन्होंने बताया कि मंदिर के अंदर रखा कलश और भगवान शिव के नाग की चोरी की गई है। मंदिर से चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंदिर में चोरी कि दूसरी घटना देहरादून मोथरोवाला स्थित मंदिर में घटी जहाँ श्री योगेश्वर शिव मंदिर मोथरोवाला के आचार्य रजनीश प्रसाद उनियाल ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी। कहा कि चोरी की घटना दोपहर 12 से तीन बजे के बीच हुई। उस वक्त मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। चोर पीतल की दो घंटियां, दानपात्र तोड़कर 700 रुपये चुरा ले गया। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
