लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च की अंतिम बैठक हुई। अंतिम बैठक में प्रत्याशियों की ओर से दिए गए ब्योरे के हिसाब से भाजपा के अजय टम्टा ने सबसे अधिक रकम खर्च की है, जबकि संपत्ति में करोड़पति रहे बहुजन मुक्ति मोर्चा के ज्योति प्रकाश टम्टा ने सबसे कम 12800 रुपये प्रचार में लगाए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट में व्यय प्रेक्षक अंकिता पांडे ने बैठक ली। बैठक में लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के प्रतिनिधि व नोडल अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने चुनाव में अब तक के खर्च को ब्योरा प्रस्तुत किया। चुनावी खर्च में भाजपा के अजय टम्टा सबसे आगे रहे।
उन्होंने 7698843 रुपये की धनराशि खर्च की। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के प्रदीप टम्टा ने 5176957 रुपये चुनाव में लगाए। पीपीआईडी के डॉ प्रमोद कुमार भी खर्च करने में लखपति रहे। इन्होंने 344050 रुपये खर्च किए। इसके अलावा उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की किरन आर्या ने 209420 खर्च किए।
बसपा के नारायण राम ने 107180 और निर्दलीय अर्जुन प्रसाद ने 88320 रुपये चुनाव में लगाए। सबसे कम खर्च करने वालों में बहुजन मुक्ति मोर्चा के ज्योति प्रकाश टम्टा रहे। इन्होंने 12800 रुपये खर्च किए, जबकि वह तीन करोड़पति प्रत्याशियों में शामिल हैं।
