जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवल की एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। महिला घर से कुछ दूर अपने खेतों में घास काटने गई थी
उत्तराखंड की आवाज
जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवल की एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। महिला घर से कुछ दूर अपने खेतों में घास काटने गई थी

चार महिलाओं को गंभीर रूप से गुलदार कर चुका है घायल
उत्तराखंड की आवाज देहरादून रुद्रप्रयाग। विकासखण्ड जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवल की एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। महिला घर से कुछ दूर अपने खेतों में घास काटने गई थी, जहां घात लगाए गुलदार ने अचानक से महिला पर जानलेवा हमला कर दियाहमला करने के बाद गुलदार महिला को चार से पांच खेतों तक घसीटकर ले गया। जब तक गांव के अन्य लोग वहां पहुंचते, तब तक महिला की जान जा चुकी थी। दो माह के अंतराल में गुलदार ग्राम पंचायत की ही तीन महिलाओं पर जानलेवा हमला कर गंभीर घायल कर चुका है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण लोग डर के साये में हैं।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। तीन दिन के भीतर गुलदार ने दूसरी महिला पर हमला किया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में दो गुलदार एक साथ घूम रहे हैं। विगत तीन महीनों से गांव में गुलदार का आतंक है। गुलदार के चार हमलों में ग्रामीण महिलाएं घायल हुई, लेकिन पांचवे हमले में गुलदार ने महिला को मौत घाट उतार दिया।
एक दिन पूर्व ही क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय जखोली में धरना-प्रदर्शन कर गुलदार को नष्ट करने की मांग की थी। क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने को लेकर वन विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। जब चार महिलाओं पर गुलदार पूर्व में ही हमला कर चुका था तो इस बीच गुलदार को नष्ट करने के प्रयास नहीं किये गये। सिर्फ पिंजरा लगाकर इतिश्री की गई, लेकिन गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हो पाया और क्षेत्र में ही घूमता रहा।
वन विभाग के उप वन क्षेत्राधिकारी किशोर चन्द्र नैनवाल ने कहा कि ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। अभी गुलदार ने देवल गांव में घटना को अंजाम दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दो गुलदार घूम रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को अपनी जान की सुरक्षा को लेकर सजग रहना होगा।
उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से जल्द ही मामले में त्वरित कार्यवाही की जा रही है। वहीं जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार ने कहा कि आदमखोर गुलदार को शूट करने को लेकर देहरादून और पौड़ी से दो शूटर देवल गांव पहुंच गए हैं। जल्द ही गुलदार को शूट कर ग्रामीणों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
