
डीजीपी द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का मिला आश्वासन
उत्तराखंड की आवाज
देहरादून उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय पीएचक्यू में पुलिस महानिदेशक डीजीपी दीपम सेठ से मुलाकात की। इस दौरान कोटद्वार के पत्रकार सुधांशु थपलियाल पर पुलिसिया उत्पीड़न और फर्जी मुकदमे में फंसाने के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन ने इस घटना को पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। यूनियन ने कहा कि पत्रकार सुधांशु थपलियाल को 29 जनवरी की रात 10:30 बजे कोटद्वार पुलिस द्वारा उनके घर से जबरन उठा लिया गया, रातभर थाने में प्रताड़ित किया गया और उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए गए। यूनियन के पदाधिकारियों ने डीजीपी को बताया कि यह पूरा मामला सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि पत्रकार सुधांशु ने एक सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस की लापरवाही को उजागर किया था।
