हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में कच्ची शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 09 जुलाई 2025 को पथरी पुलिस ने दिनारपुर, ऐथल समेत जंगलों के अंदर चल रहे अवैध शराब निर्माण अड्डों पर छापेमारी कर करीब 10,000 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस अभियान को एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें अवैध शराब के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य रखा गया था।
ड्रोन से की गई निगरानी,सटीक लोकेशन पर कार्रवाई।
विशेष बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान ड्रोन कैमरों के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी की गई, जिससे पुलिस टीम को सटीक लोकेशन व जानकारी मिल सकी। यह तकनीक अवैध गतिविधियों की पहचान और नियंत्रण में बेहद कारगर सिद्ध हो रही है।
जंगलों के भीतर शराब भट्टियों को किया ध्वस्त।
पुलिस टीम ने जंगलों के भीतर नालों के पास छिपाकर बनाई गई अवैध शराब भट्टियों को नष्ट किया और मौके पर ही लाहन को नष्ट कर दिया गया। क्षेत्र में अवैध शराब बनाने की सूचना लंबे समय से मिल रही थी, जिस पर यह बड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान आगे भी रहेगा जारी।
पथरी पुलिस की यह कार्रवाई हरिद्वार को कच्ची शराब से पूरी तरह मुक्त कराने के प्रयासों का हिस्सा है। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि समाज को इस अवैध व्यापार से सुरक्षित रखा जा सके।
अभियान में शामिल पुलिस टीम।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रोहित कुमार, अजय कुमार, कांस्टेबल नारायण सिंह, राकेश नेगी, सुशील कुमार, मुकेश चौहान, ब्रम्हदत्त जोशी और चालक पंकज शामिल रहे।