उत्तराखंड की आवाज़
भारतीय थलसेना को मिले 491 नौजवान अफसर

आईएमए में गरिमामय पासिंग आउट परेड, पास आउट हुए देश-विदेश के 525 कैडेट
सैन्य अकादमी के इतिहास में जुड़ गया देश-विदेश को साढ़े 66 हजार सैन्य अधिकारी देने का गौरव
देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से सालभर का कड़ा सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर देश की रक्षा के लिए मर मिटने की शपथ लेकर 491 युवा शनिवार को बतौर अफसर थलसेना का अभिन्न अंग बन गये। इसके अलावा 14 मित्र देशों के 34 जेंटलमैन कैडेट भी पास आउट होकर अपने-अपने देश की सेना में शामिल हुए।
कुल मिलाकर गरिमामय परेड में आज देश-विदेश के 525 जेंटलमैन कैडेटों ने शानदार कदमताल की। इसके बाद देहरादून स्थित प्रतिष्ठ्त सैन्य अकादमी के इतिहास में देश-विदेश की सेना को साढ़े 66 हजार से अधिक सैन्य अधिकारी देने का गौरव जुड़ गया है। इनमें 34 मित्र देशों की सेना को मिले तीन हजार से अधिक सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
भारतीय थलसेना के प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने बतौर रिव्यूइंग आफिसर गरिमामय परेड की सलामी ली। पासिंग आउट कोर्स के हरफनमौला जेंटलमैन कैडेट निश्कल द्विवेदी को प्रतिष्ठ्ति सोर्ड ऑफ ऑनर के साथ गोल्ड मेडल से नवाजा गया।
सोर्ड ऑफ ऑनर निश्कल द्विवेदी
गोल्ड मेडल निश्कल द्विवेदी
सिल्वर मेडल बादल यादव
ब्रांज मेडल कमलजीत सिंह
सिल्वर मेडल (टीजीसी) जाधव सुजीत
सिल्वर मेडल (टीईएस) अभिनव मेहरोत्रा
सिल्वर मेडल (एससीओ) सुनील क्षेत्री
श्रेष्ठ विदेशी कैडेट मोहम्मद सफीन (बांग्लादेश)
सीओएएस बैनर इंफाल कंपनी
