उत्तराखंड की आवाज़
बड़ी खबर —उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति के बयान से मचा सियासी बवाल

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान ने प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वे कथित तौर पर कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि “बिहार में 20–25 हजार में लड़कियां मिल जाती हैं”। बयान सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है।
विपक्षी दलों ने इस बयान को महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताते हुए कड़ी निंदा की है। कांग्रेस सहित कई संगठनों ने कहा कि यह बयान महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला है और भाजपा नेतृत्व को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर जवाब की मांग की है।
विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे खेद व्यक्त करते हैं।
यह मामला अब सिर्फ बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे लेकर उत्तराखंड से लेकर बिहार तक राजनीतिक जुबानी जंग जारी है। विभिन्न महिला संगठनों ने भी इस बयान पर आपत्ति जताई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब सबकी नजर सरकार और भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है। देखना होगा कि पार्टी इस पर क्या रुख अपनाती है और क्या इस मामले में आगे कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
