उत्तराखंड की आवाज़
ऑपरेशन क्रैकडाउन में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार|

उत्तराखंड की आवाज़ देहरादून ऑपरेशन क्रैकडाउन में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार|
फर्जी दस्तावेजों के सहारे देहरादून में रह रहीं थीं; नेपाल बॉर्डर से अवैध एंट्री का भी खुलासा|
देहरादून। “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र से तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही थीं। गिरफ्तार महिलाओं में एक किर्गिस्तान और दो उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान 28 मार्च को पुलिस टीम ने सांई कॉम्पलैक्स स्थित एक फ्लैट में छापा मारा। यहां तीनों महिलाएं संदिग्ध अवस्था में मिलीं और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। पूछताछ में उनकी पहचान ईरीका (29), करीना (30) और निगोरा नीम (32) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि ईरीका वर्ष 2023 में एक वर्ष के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा खत्म होने के बाद वापस नहीं लौटी। वहीं, करीना और निगोरा नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां उन्होंने परिचितों की मदद से फर्जी आधार, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कराए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पासपोर्ट, फर्जी आधार-पैन कार्ड, बैंक पासबुक, विदेशी मुद्रा और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि निगोरा को पहले बिहार पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन जमानत के बाद वह फिर अवैध रूप से भारत में रहने लगी।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।
