हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली की तैयारियां तेज, मा.यशपाल आर्य ने लिया जायजा
उत्तराखंड की आवाज़
हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली की तैयारियां तेज, मा.यशपाल आर्य ने लिया जायजा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने गुरुवार को रामलीला ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि इसी मंच से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस के अभियान का शंखनाद किया जाएगा
यशपाल आर्य ने कहा कि रैली में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन इसमें भाग लेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है। उनका दावा था कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।
रैली की तैयारियों के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस जनसभा के माध्यम से प्रदेश की जनता के बीच संगठन का संदेश पहुंचाया जाएगा और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया जाएगा।
यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष
