देहरादून : आगामी निकाय चुनावों में आरक्षण को लेकर आपत्ति दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। अब तक शहरी विकास निदेशालय को नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण को लेकर करीब 1000 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं.

विभाग के अधिकारियों कि मानें तो इस बार आपत्तियों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है, जिससे वे भी हैरान हैं. बड़ी संख्या में आपत्तियां आने से निस्तारण प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण हो गई है. अधिकारियों का कहना है कि हर आपत्ति का गहनता से अध्ययन किया जा रहा है. इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, ताकि समय पर निस्तारण किया जा सके. 23 दिसंबर सोमवार तक सभी आपत्तियों का निस्तारण कर रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप दी जाएगी. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी.
सबसे अधिक आपत्तियां हरिद्वार से दर्ज
राज्य में सबसे अधिक आपत्तियां हरिद्वार जिले से आई हैं. यहां की 14 नगर निकायों में से ढंडेरा नगर पंचायत ने सबसे अधिक आपत्तियां दर्ज कराई हैं. पूरे जिले से अब तक 300 के करीब आपत्तियां दर्ज हुई हैं. अन्य जिलों में यह आंकड़ा अपेक्षाकृत कम है.
बता दे कि शहरी विकास विभाग ने 14 दिसंबर को नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी की थी. इसके बाद आपत्तियां दर्ज कराने का सिलसिला शुरू हुआ. आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख बीती 21 दिसंबर थी लेकिन नैनीताल जिले में अधिसूचना एक दिन देर से जारी होने के कारण वहां के लिए 22 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
