देहरादून : उत्तराखंड में एक कबाड़ी और बेरोजगार युवक के चालू बैंक खातों से आठ दिन के भीतर 33 करोड़ का ट्रांजेक्शन होने का मामला सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक करोड़ों की फडिंग का यह मामला उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर (रुद्रपुर) स्थित केनरा बैंक में उजागर हुआ हैं। जहाँ काशीपुर बाईपास स्थित केनरा बैंक की शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक योगेश शर्मा ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि बीते 13 सिंतबर को भूत बंगला निवासी मो. सईम पुत्र सलीम ने यूके जन सेवा केंद्र के नाम से चालू खाता खुलवाया। खाते में 12 से 17 अक्तूबर तक 3,977 बार में 4,42,56,542 रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ।
इसके अलावा 20 सितंबर को सीर गौटिया निवासी शारिक खान पुत्र ताहिर खान ने खुद को एस. खान ट्रेर्ड्स का प्रोपराइटर बताते हुए चालू खाता खुलवाया था। इसमें 24 और 25 अक्तूबर को 88,230 बार में 28,80,85,712 रुपये का लेन-देन हुआ। इन दो खातों से पिछले आठ दिन के भीतर करीब 33 करोड़ का ट्रांजेक्शन हुआ है।
बैंक शाखा प्रबंधक योगेश शर्मा की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दोनों खाताधारकों हिरासत में ले लिया पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह बेरोजगार है और पैसों कि तंगी के चलते उन्होंने खाता बनाकर 50 हजार रुपये में बेच दिया था। दोनों आरोपीयों में एक सईम बेरोजगार है जबकि शारिक कबाड़ी का काम करता है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला साइबर ठगी का प्रतीत हो रहा है। इन दोनों खातों से करोड़ों रुपये की रकम देश के कई राज्यों में भेजी गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विदेशी फंडिंग का भी अंदेशा
पुलिस प्रारभिक जांच में सामने आया है कि दोनों खाताधारकों के एकाउंट में से एक के खाते में चार करोड़ और दूसरे के खाते में 28 करोड़ रुपये आए थे। इसके बाद उन रुपयों को हजारों अकाउंट में ट्रांसफर किया गया है। 50 रुपये से लेकर 10 लाख तक के ट्रांजेक्शन हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस हवाला और विदेशी फंडिंग के एंगल से भी जांच कर रही है।
