पंतनगर : साइबर जालसाजों द्वारा कुमाऊँ विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को अठारह दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर 47 लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है।
जानकारी के मुताबिक कुमाऊं विश्वविद्यालय के नैनीताल स्थित डीएसबी परिसर के इतिहास विषय के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष संजय घिल्डियाल पुत्र श्रीराम घिल्डियाल निवासी वसुन्धरा कॉटेज, कोतवाली मल्लीताल, नैनीताल ने सोमवार को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पंतनगर में तहरीर देकर बताया कि बीते पांच दिसंबर को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई, कॉलर ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए उनसे उनके आधार कार्ड से लिए गए सिम कार्ड पर अवैध लेन-देन होने कि बात कही और प्रोफेसर के खिलाफ मनी लॉड्रिंग का मुकदमा दर्ज करने को कहकर डराते हुए उन्हें झांसे में ले लिया। साथ ही उनको जान को खतरा बताते हुए कॉलेज से सीधे घर जाने की सलाह दी।
इसके बाद अनजान कॉलर ने उन्हें मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड कराकर वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट कर ऐप के जरिए ही सीबीआई और आरबीआई के नोटिस भेजे। और 16 से 22 दिसंबर तक प्रोफेसर से बताए गए बैंक खातों में 47 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। प्रोफेसर कि तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर मामले कि जांच शुरू कर दी है।
