हरिद्वार: मकर संक्रांति स्नान आज है. हर साल मकर संक्रांति पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार गंगा में डूबकी लगाने पहुंचते हैं. इतनी कड़ाके की ठंड मे भी श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर बड़ी तादात में पहुंच रहे हैं. स्नान तड़के शुरू हुआ. भगवान सूर्य नारायण को समर्पित यह स्नान एक महत्वपूर्ण भूमिका रखता है. गंगा घाट पर श्रद्धालु पूजा पाठ कर रहे हैं.
हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए रूट प्लान का पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं.
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद
मकर सक्रांति स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र को आठ जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। एसपी सिटी को स्नान को संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।
नौ पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षक, 87 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक/महिला उपनिरीक्षक, 152 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल/महिला कांस्टेबल, 344 हेड कांस्टेबल प्रशिक्षु, पांच कंपनी, एक प्लाटून, एक सेक्शन पीएसी/आईआरबी, तीन टीम बम निरोधक दस्ता, एक टीम एटीएस, 16 कर्मी जल पुलिस/गोताखोर, 16 कर्मी अभिसूचना इकाई, सात यातायात उप निरीक्षक, 37 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल बांटा गया है।
बता दे कि हिन्दू धर्म में मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा में स्नान और दान को बेहद अहम माना जाता है. 14 जनवरी मकर संक्रांति पर साल का पहला सबसे बड़ा गंगा स्नान माना जाता है. इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं और इसके साथ ही सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायन में भी जाते हैं, इसलिए ये स्नान बेहद अहम हो जाता है. हरिद्वार में आज सुबह से ही हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया. उन्होंने गंगा घाटों पर पूजा अर्चना के बाद गंगा में स्नान किया और दान पुण्य किया. कहते हैं गंगा स्नान के बाद खिचड़ी, तिल, वस्त्र आदि का दान किया जाता है, जिसका कई गुणा फल प्राप्त होता है.
