देहरादून: राजधानी के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने का मामला उजागर हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए दून अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से डॉक्टर और वार्ड ब्वॉय को हटाकर जांच बैठा दी है।
जानकारी के मुताबिक राजकीय दून मेडिकल कॉलेज (दून अस्पताल) के एआरटी यानी एंट्री रेट्रोवायरल उपचार इकाई में तैनात एक डॉक्टर और एक वार्ड ब्वॉय पर फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के आरोप लगे हैं। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी गठित कर दी गई है. जांच कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त रुख अख्तियार करेगा. ताकि, भविष्य में कोई फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं बना पाए।
ऐसे उजागर हुआ फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने का मामला
यह मामला तब उजागर हुआ जब एक मरीज का प्रमाण पत्र वेरिफिकेशन के लिए वापस आया. उसके बाद जब मेडिकल सर्टिफिकेट की जांच की गई तो पता चला कि यह सर्टिफिकेट एआरटी सेंटर में तैनात एक डॉक्टर ने बनाया है. इसके बाद मामला अस्पताल प्रबंधन के पास पहुंचा है. अब प्राचार्य का कहना है कि जांच के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
