दिल्ली से लग्जरी गाड़ी से आकर यहां चोरी को अंजाम देने वाले पति-पत्नी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। फिल्म बंटी-बबली की तर्ज पर आकर्षक रहन-सहन से चकमा देकर चोरियां करने वाले दिल्ली के इस दंपति को पुलिस ने टांडा जंगल के पास गिरफ्तार किया।
चोरियों में साथ देने वाली युवक की मां अभी फरार है। आरोपियों के पास से चार दिन पहले महिला के बैग से चोरी हुए सोने के झुमके, चांदी की पायल और पांच हजार रुपये भी बरामद हए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर दंपति को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
मूल रूप से मुरादाबाद के मुफ्तीटोला निवासी वसीम 12वीं पास है। दो साल से वह दिल्ली के काला महल क्षेत्र में पत्नी आसिया और अपनी मां के साथ रहता है। पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय वसीम, पत्नी आसिया और मां के साथ लग्जरी गाड़ी से यहां आता तो बरेली रोड पर गाड़ी पार्क कर देता।
यहां वे मंगलपड़ाव और पटेल चौक के बाजार में शिकार चुनकर उसका पीछा करते और भीड़ का फायदा उठाकर बैग से नगदी और जेवर आदि उड़ा लेते थे। 10 अप्रैल को एक महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बड़े बैग वाले बनते थे शिकार इनके शिकार बड़े बैग या थैले वाले बनते थे। अक्सर लोग बैग या थैलों में ही पर्स रखकर चलते हैं। चोरी की आरोपी सास-बहू उन्हीं लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
दिल्ली से खरीदी थी कार
जिस कार से आरोपी हल्द्वानी वारदात करने आते थे, वह दिल्ली से सेकेंड हैंड खरीदी थी। दिल्ली नंबर की गाड़ी के मंगलपड़ाव तक आने फिर वापस जाकर दोबारा बरेली रोड पर पार्क होने से पुलिस को शक हुआ था। इसके बाद नंबर ट्रेस किया गया। टीम दिल्ली पहुंची, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को जब दंपति दोबारा चोरी करने पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पति पर तीन मुकदमे और गुंडा एक्ट भी
पुलिस ने इनका जब आपराधिक इतिहास पता किया तो वसीम पर मुरादाबाद में तीन मुकदमे और आसिया पर एक मुकदमा दर्ज मिला। वसीम के खिलाफ मुरादाबाद पुलिस गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी कर चुकी है।
आरोपी दंपति की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की जा रही है। कई अन्य चोरियां खुलने की भी उम्मीद है। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम बना दी गई है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
