चीन के सोशल मीडिया में इन दिनों एक भारतीय राजनयिक का वीडियो वायरल हो रहा है। चीन में संयुक्त राष्ट्र प्रमुख सिद्धार्थ चटर्जी बर्फीली चोटी पर शून्य से भी नीचे तापमान में योग करते नजर आए। गौर करने वाली बात यह है कि उस दौरान उन्होंने कोई शर्ट भी नहीं पहन रखी थी। उन्होंने दावा किया कि योग ने उनके जीवन को सुधार दिया और उन्होंने कई बीमारियों से मुक्ति पा ली।
चटर्जी इस समय चीन में यूएन के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर हैं। हाल ही में उनकी एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज हुई है जिसमें वह ब्रीदिंग एक्सरसाइज की ताकत बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग और इस तरह का अभ्यास उन्हें कोरोना तक से लड़ने की ताकत देता है। यह लगभग साढ़े चार मिटन की डॉक्यूमेंट्री है जो कि ओम के साथ शुरू होती है। इसके बाद वह प्राणायाम करते हैं और फिर शीर्ष आसन भी करते हैं।
वह कहते हैं, सांस लेना पहली चीज है जो कि कोई भी बच्चा दुनिया में आने के बाद करता है। इसके अलावा हर व्यक्ति दुनिया छोड़ने से पहले भी आखिरी बार सांस ही लेता है। बता दें कि 60 साल के चटर्जी को 2020 में चीन में यूएन राजनयिक नियुक्त किया गया था। उस वक्त वह मोटापा, कोलेस्ट्रोल, हाइपरटेंशन और डाइबिटीज से पीड़ित थे।
