रामनगर : कॉर्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी पर्यटन जोन में एक हाथी का शव मिलने से वन महकमे में खलबली मच गयी।
पार्क प्रशासन को शनिवार सुबह गश्त पर गई टीम ने सूचना देकर बताया कि बिजरानी गेस्ट हाउस से 3 किलोमीटर आगे जंगल सफारी पर जाने वाले रास्ते में एक वयस्क हाथी का शव पड़ा हुआ है.

प्रतिकात्मक फोटो
सूचना मिलते ही पार्क के निदेशक व उपनिदेशक घटना स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण में पाया कि एक नर हाथी जिसकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष रही होगी जिसके दोनों दांत सुरक्षित थे मृत अवस्था में पड़ा है। मृत हाथी की पीठ पर बाघ के दांत व पंजों के निशान बने हैं। साथ ही शव के आस पास भी बाघ के पैरों के निशान हैं।
स्थानीय स्टाफ द्वारा अधिकारियों को बताया गया कि पिछले दो तीन दिनों से एक बाघ के द्वारा हाथी का पीछा किया जा रहा था। जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि बाघ द्वारा हाथी का पीछा करके उसे दौड़ाकर थकाया गया जिससे हाथी की मृत्यु हो गई है। अधिकारियों द्वारा हाथी के शव कि विच्छेदन कार्यवाही करते हुए उसके विसरा सैंपल एकत्रित कर अग्रिम जाँच हेतु लैब भेज दिए गए हैं।
