देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। अनुमान है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ जल्द ही पश्चिमी हिमालय में पहुंचने वाला है। जिसके प्रभाव से उत्तराखंड में मौसम में बदलाव दिखाई देगा। विशेष रूप से 23 व 24 दिसंबर को ऊंचाई वालों जिलों में छिटपुट वर्षा व 3000 मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर कहीं कहीं हिमपात होने की संभावना है। इससे ठंड फिर से बढ़ेगी।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने मिडिया को जानकारी देते हुए बताया पश्चिमी विक्षोभ 22 दिसंबर की रात तक उत्तराखंड के उच्च हिमालय की तरफ पहुंच सकता है। इससे 23 व 24 दिसंबर को पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग जिलों में अधिकतर जगहों पर बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा व ऊंची चोटियों पर हिमपात होने का अनुमान है।
27 दिसंबर के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा और तब बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बनने की संभावना लग रही है। यह सिस्टम मजबूत रहने पर वर्ष 2024 की विदाई से पहले पर्वतीय क्षेत्रों को अच्छा हिमपात मिल सकता है। इसका सटीक अनुमान 25 दिसंबर के आसपास लगेगा।
